वाराणसी। सोमवार सुबह वाराणसी में एक भीषण सड़क हादसे में विंध्याचल दर्शन कर लौट रहे चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा मिर्जामुराद इलाके के रूपापुर फ्लाईओवर पर हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। स्कॉर्पियो सवार आठ लोग नवरात्र की अष्टमी पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर वाराणसी लौट रहे थे। इसी तरह बलरामपुर में भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कोतवाली देहात क्षेत्र के बेलहा चरनगहिया गांव में दुर्गा मंदिर के बाहर प्रोजेक्टर पर धार्मिक फिल्म देख रहे ग्रामीणों को एक तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया।
सुबह-सुबह के आनंद के लिए वे प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर स्थित रूपापुर फ्लाईओवर पर रुककर अपनी गाड़ी किनारे लगाकर फोटोग्राफी कर रहे थे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रहे एक बेकाबू ट्रक ने खड़ी स्कॉर्पियो और पास खड़े लोगों को रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और तीन लोग फ्लाईओवर से छिटककर नीचे जा गिरे। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला और सभी घायलों को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है और घायलों से जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।



