HomeNationalPM मोदी की अध्यक्षता में हुई परियोजनाओं की समीक्षा, समय पर काम...

PM मोदी की अध्यक्षता में हुई परियोजनाओं की समीक्षा, समय पर काम पूरा करने पर जोर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ में प्रगति (प्रो-एक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इम्प्लीमेंटेशन) की 54वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में रेलवे, पीएम एकता मॉल और बल्क ड्रग पार्क से संबंधित 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अवसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री ने संबंधित मंत्रालयों और राज्य सरकारों को परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को मिशन मोड में दूर कर निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्य सचिवों से कहा कि वे हर महीने जिलाधिकारियों के साथ सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके। उन्होंने जोर दिया कि सरकारी खर्च का वास्तविक उद्देश्य लोगों के जीवन में सुधार लाना होना चाहिए और योजनाओं के क्रियान्वयन का आकलन उनके परिणामों के आधार पर किया जाना चाहिए।

स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार – पीएम एकता मॉल की समीक्षा के दौरान मोदी ने कहा कि इन मॉल के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को बाजार उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इससे कारीगरों की आजीविका बेहतर होगी और स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने मुख्य सचिवों को इन परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने और निर्माण कार्य समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। आंध्र प्रदेश, गुजरात और हिमाचल प्रदेश में बल्क ड्रग पार्क की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले आवश्यक कच्चे माल का घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे फार्मा क्षेत्र में देश की आत्मनिर्भरता मजबूत होगी और आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास में तेजी लाने को कहा – अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के विकास कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्टेशनों को मेट्रो और परिवहन के अन्य साधनों से जोड़ने पर जोर दिया, ताकि यात्रियों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके। रेलवे स्टेशनों को मल्टीमॉडल परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता भी रेखांकित की। आकांक्षी जिला और आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए मोदी ने नियमित निगरानी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय को पिछड़े क्षेत्रों के विकास के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयासों से करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। बैठक के बाद गुरुवार को सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी ने पोस्ट करते हुए कहा, कि सरकार का ध्यान ठोस परिणाम हासिल करने, परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और लोगों को दीर्घकालिक लाभ पहुंचाने पर है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments