नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गोवा के पणजी में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि युवावस्था उम्र से नहीं, बल्कि संघर्ष, मेहनत और बदलाव लाने की इच्छा से परिभाषित होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं से पूरी प्रतिबद्धता के साथ योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पणजी स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन किया और आशीर्वाद लिया। इस दौरान गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दामोदर नाइक, भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं गोवा प्रभारी श्रीमती भारती पवार सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।
नवीन ने कहा कि युवाओं को जेन जी, जेन अल्फा या अन्य पीढ़ियों के आधार पर बांटने की आवश्यकता नहीं है। कड़ी मेहनत और लगन के जरिए बदलाव लाने की इच्छा रखने वाला हर व्यक्ति युवा है। युवावस्था को केवल उम्र के आधार पर परिभाषित नहीं करना चाहिए। जब तक किसी व्यक्ति में बदलाव लाने, संघर्ष करने और जीवन में आगे बढ़ने की चाहत रहती है, तब तक वह युवा रहता है, चाहे उसकी उम्र 15 वर्ष हो या 40-45 वर्ष। युवा वह है, जो संघर्ष करना चाहता है, आगे बढ़ना चाहता है और यह मानता है कि कड़ी मेहनत और लगन से वह अपने जीवन, राज्य और देश में बदलाव ला सकता है। भारतीय जनता पार्टी अपने युवा विंग के माध्यम से युवाओं के साथ लगातार संवाद करती है।भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक नारा दिया है।



