नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी (गौर सिटी-2) में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। दोनों सोसाइटी के टॉवर-23 की 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके बेटे आरव के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार को शुक्रवार सुबह खाटू श्याम मंदिर जाना था। इसके लिए रणदीप अपने बेटे के साथ पूजा में इस्तेमाल होने वाले फूल तोडऩे बालकनी में गए थे।
बताया गया है कि बारिश के कारण बालकनी में फिसलन थी। फूल तोडऩे के दौरान अचानक बेटे का पैर फिसल गया और वह बालकनी से लटक गया। बेटे को बचाने की कोशिश में रणदीप ने उसे संभालने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उनका संतुलन भी बिगड़ गया। देखते ही देखते पिता-पुत्र दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए।घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और अन्य लोग दोनों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही सोसाइटी में शोक का माहौल छा गया।
पुलिस कर रही हादसे की जांच – घटना की सूचना मिलने पर बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर बारिश के कारण बालकनी में फिसलन और संतुलन बिगडऩे की बात सामने आई है। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



