गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को दो दिवसीय गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बनासकांठा और एकतानगर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वहीं, 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर एकतानगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे। दौरे के बीच गांधीनगर के लोकभवन में गुजरात के दिग्गज नेताओं के साथ संभावित बैठक को लेकर सियासी हलचल तेज है।प्रधानमंत्री 30 अक्टूबर को सुबह 7:15 बजे दिल्ली से रवाना होकर 8:45 बजे बनासकांठा के डीसा एयरपोर्ट पहुंचेंगे
। यहां से हेलिकॉप्टर के जरिए भीलडी जाएंगे। बनासकांठा में वे ईटी आईवीएफ लैब और बीबीआरसी कैटल फार्म का दौरा करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।बनासकांठा के कार्यक्रमों के बाद मोदी सुबह 11:40 बजे भीलडी से गांधीनगर रवाना होंगे। दोपहर 12:35 बजे सचिवालय हेलिपेड पहुंचकर 12:45 बजे लोकभवन जाएंगे। यहां दोपहर 3 बजे तक रुकेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा समेत वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक होने की संभावना है। हालांकि, बैठक के एजेंडे को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रधानमंत्री 30 अक्टूबर की दोपहर गांधीनगर से एकतानगर रवाना होंगे। अगले दिन सरदार पटेल की जयंती पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेने के साथ ही विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। दो दिवसीय दौरा पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर की रात 9:10 बजे वडोदरा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। विकास परियोजनाओं की सौगात, राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह और गांधीनगर में संभावित राजनीतिक बैठक इस दौरे के तीन प्रमुख केंद्र रहेंगे।



