महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में मुंबई-गोवा हाईवे पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अंजणारी ब्रिज पर गोवा की ओर जा रही एक निजी लग्जरी बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर पुल पर ही पलट गई। इस हादसे में करीब 30 यात्री घायल हो गए, जिनमें 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ट्रक की टक्कर से पुल पर पलटी बस
जानकारी के अनुसार, निजी लग्जरी बस मुंबई-गोवा हाईवे से होते हुए गोवा की ओर जा रही थी। इसी दौरान अंजणारी ब्रिज के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बस में सवार कई यात्री अंदर ही फंस गए।
दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद यात्रियों को निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। हादसे में घायल करीब 30 यात्रियों को रत्नागिरी के जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें 8 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है।
मुंबई-गोवा हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद अंजणारी ब्रिज पर गोवा की ओर जाने वाला यातायात प्रभावित हो गया। बस के बीच सड़क पर पलटने और राहत-बचाव कार्य के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे गोवा की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालांकि, पुलिस और राहत टीमों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने का काम किया गया। फिलहाल पुल पर एक तरफ से वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



