चंडीगढ़ । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार, 18 नवंबर 2026 को जालंधर (पंजाब) के एक दिवसीय महत्वपूर्ण प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे डेरा सचखंड बल्लां में पूजा-अर्चना करेंगे तथा पार्टी की 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करने के साथ ही वे संत समाज के साथ संवाद भी करेंगे। जालंधर आगमन के पश्चात भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दोपहर 1:10 बजे जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां के संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे। इसके उपरांत दोपहर 1:35 बजे जालंधर-पठानकोट जीटी रोड पर डेरा सचखंड बल्लां के समीप स्थित ग्राम रायपुर में ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे तथा इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
इसके पश्चात दोपहर 2:55 बजे नवीन ग्राम रायपुर में ही संत समाज के साथ सहभोज एवं संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती को वर्षभर चलने वाले राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मना रही है। इस महाअभियान का शुभारंभ 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर काशी (उत्तर प्रदेश) से हुआ था।इस अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 29,000 ‘कलश वंदना यात्राएं’ निकाली जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त 30,000 से अधिक संतों से संपर्क किया गया है तथा सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से लगभग 51,000 स्थानों पर ‘समरस दीप महोत्सव’ आयोजित किए गए हैं।
इसी राष्ट्रव्यापी अभियान को आगे बढ़ाते हुए 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा जालंधर से हरी झंडी दिखाए जाने के बाद यह यात्रा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित सात राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। यह यात्रा कुल 2,402 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 3 दिसंबर को काशी में संपन्न होगी। यात्रा के दौरान 100 से अधिक छोटी जनसभाएं और 17 बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी भाग लेंगे तथा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के ‘बेगमपुरा’ अर्थात दुख-रहित समाज और सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे।



