नई दिल्ली । लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफार्म व्हाट्सऐप अपने डिजाइन में बड़े बदलाव कर रहा है। नए डिजाइन में नेविगेशन बार पहले से ज्यादा आकर्षक और कम जगह घेरने वाला होगा। कंपनी ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए नए फ्लोटिंग बॉटम नेविगेशन बार की टेस्टिंग शुरू कर दी है। खास बात यह है कि कंपनी ने इसमें से टेक्स्ट लेबल हटा दिए हैं और अब अलग-अलग विकल्प केवल आइकन के जरिए दिखाई देंगे। यह नया फीचर फिलहाल कुछ बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है। व्हाट्सऐप के नए अपडेट की जानकारी ऐप के फीचर्स पर नजर रखने वाली वेबसाइट डब्ल्यूएबीटाइन्फो ने दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, एंड्रॉयड के लिए जारी बीटा अपडेट 2.26.45.5 में नया फ्लोटिंग नेविगेशन बार देखा गया है। यह पुराने स्थिर नेविगेशन बार की जगह लेगा। नए डिजाइन में बार स्क्रीन के निचले किनारों से जुड़ा हुआ नहीं होगा, बल्कि स्क्रीन के ऊपर तैरता हुआ दिखाई देगा। इससे ऐप का इंटरफेस पहले की तुलना में ज्यादा साफ और आधुनिक नजर आएगा। नए नेविगेशन बार में सबसे बड़ा बदलाव इसके आकार और डिजाइन को लेकर किया गया है।पहले जहां चैट, अपडेट, कॉन्टैक्ट और कॉल जैसे विकल्पों के साथ टेक्स्ट भी दिखाई देता था, वहीं अब कंपनी ने टेक्स्ट लेबल हटा दिए हैं। इससे स्क्रीन पर कम जगह इस्तेमाल होगी। इसके अलावा पहले चुने गए टैब को पिल शेप में हाइलाइट किया जाता था, लेकिन नए डिजाइन में इसे गोल आकार दिया गया है। किसी विकल्प को चुनने पर उसका आइकन गोल हाइलाइट में दिखाई देगा। इस फीचर की खासियत यह भी है कि नेविगेशन बार यूजर के स्क्रॉल करने के तरीके के अनुसार अपना आकार बदल सकेगा।
जब कोई यूजर चैट लिस्ट में नीचे की ओर स्क्रॉल करेगा, तो नेविगेशन बार धीरे-धीरे छोटा होने लगेगा। कुछ समय बाद यह एक छोटे फ्लोटिंग बार का रूप ले लेगा। हालांकि, इसमें सभी जरूरी आइकन दिखाई देते रहेंगे। वहीं, जब यूजर दोबारा ऊपर की ओर स्क्रॉल करेगा, तो नेविगेशन बार अपने पुराने आकार में लौट आएगा।इससे चैट पढ़ने और दूसरे कंटेंट को देखने के लिए स्क्रीन पर ज्यादा जगह मिलेगी। कंपनी ने नए डिजाइन में प्रोग्रेसिव ब्लर इफेक्ट भी शामिल किया है। इससे नेविगेशन बार और उसके पीछे दिखाई देने वाली स्क्रीन के बीच हल्का धुंधलापन नजर आएगा। यह बदलाव इंटरफेस को ज्यादा आकर्षक और आधुनिक बनाने के लिए किया गया है। नया डिजाइन एज-टू-एज लेआउट के साथ भी काम करता है। इसके अलावा व्हाट्सऐप ने चुने गए टैब के रंग को ऐप की थीम से जोड़ने की सुविधा भी दी है। डिफॉल्ट रूप से चयनित विकल्प हरे रंग में दिखाई देगा। वहीं, व्हाट्सऐप प्लस इस्तेमाल करने वाले यूजर्स अपने चुने हुए एक्सेंट कलर के अनुसार नेविगेशन बार को भी बदल सकेंगे।



