अररिया। बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। शादी तय करने की रस्म में शामिल होकर घर लौट रहे लोगों की कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस भीषण हादसे में छह लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे के बाद मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, सुपौल जिले के पिपरा क्षेत्र से कुछ लोग अररिया जिले के सिकटी स्थित भपटिया गांव में शादी तय करने के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग कार से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीडी पुल के पास चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे मरिया नदी में जा गिरी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। नदी में कार गिरने की जानकारी मिलते ही लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। कार को रस्सी से बांधकर जेसीबी मशीन की सहायता से नदी से बाहर निकाला गया। हालांकि, इस हादसे में छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। इस दुर्घटना में कुंदन यादव (28), आर्यन (15), मुन्ना कुमार (22), आदित्य (20), सौरभ (15) और यश कुमार (16) की मौत हो गई। सभी मृतक सुपौल जिले के थुमहा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
वहीं, हादसे में एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने सभी छह शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की खुशियों और रिश्ते की बातों का माहौल था, वहां अब मातम छा गया है। अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक का वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है।



