नई दिल्ली । भगवान राम की नगरी अयोध्या से माता सीता की नगरी जनकपुर के बीच पहली सीधी ट्रेन मंगलवार सुबह करीब 9.35 बजे जनकपुर धाम स्टेशन पहुंची। सोमवार दोपहर करीब 1.30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने अयोध्या से सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। करीब 20 घंटे के सफर के दौरान ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 स्टेशनों पर रुकी।जनकपुर पहुंचने पर ट्रेन में सवार यात्रियों का फूल बरसाकर स्वागत किया गया। पहले दिन ट्रेन से 1158 यात्रियों ने सफर किया।
आम यात्रियों के लिए इसका नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है। यह साप्ताहिक ट्रेन अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए जनकपुर धाम पहुंचेगी। जयनगर से ट्रेन नेपाल में प्रवेश करेगी। जनकपुर से अयोध्या के लिए ट्रेन शनिवार को और अयोध्या कैंट से जनकपुर के लिए सोमवार को रवाना होगी। इससे बिहार के मधुबनी, दरभंगा और सीतामढ़ी समेत आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।



