नई दिल्ली। संसद सत्र से पहले एक बार फिर परिसीमन मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। आगामी सत्र में महिला आरक्षण विधेयक को लागू करने से जुड़े प्रस्तावित संवैधानिक संशोधन पर विचार किया जा सकता है। इस संशोधन के तहत परिसीमन के माध्यम से लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव है, जिस पर विपक्ष ने कड़ा रुख अपना रखा है। कांग्रेस की अगुवाई में इंडिया गठबंधन खुद को एकजुट रखने का प्रयास कर रहा है, वहीं केंद्र सरकार भी इस विधेयक को पारित कराने की हर मुमकिन कोशिश कर सकती है। विपक्षी गठबंधन अपने पुराने रुख पर कायम है। उसका कहना है कि लोकसभा की 543 सीट को अगले 25 सालों तक सीमित रखा जाए और 2029 के चुनाव में इसी संख्या के आधार पर 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू किया जाए।
गठबंधन रणनीतिकारों का कहना है कि आम आदमी पार्टी और डीएमके भी इस पर सहमत हैं। विपक्षी विरोध के चलते सरकार इस साल अप्रैल में भी परिसीमन विधेयक पारित कराने में विफल रही थी। सीटों की संख्या में इजाफे के साथ-साथ, इंडिया गठबंधन की नाराजगी की एक और बड़ी वजह परिसीमन आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मौजूदगी है। विपक्ष मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सीईसी ज्ञानेश कुमार पर सार्वजनिक तौर पर निशाना साध रहा है, और संसद के अंदर व अदालत में भी कानूनी लड़ाई लड़ रहा है। इधर, सरकार महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के मकसद से संसद का विशेष या विस्तारित सत्र बुलाने की संभावना पर विचार कर रही है। सरकार दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए प्रत्येक राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने और 1971 की जनगणना के आधार पर सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखने जैसे विकल्पों पर विचार कर रही है।
हालांकि, इस संबंध में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। इस अनिश्चितता के कारण शीतकालीन सत्र के समय को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं, जिसके दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू होने की संभावना है। गौरतलब है कि संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के 100 दिन बाद भी सत्रावसान नहीं किया गया है, जो एक नया रिकॉर्ड है। इस अहम विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी संख्या जुटाना केंद्र सरकार के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। विधेयक को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है, यानी मौजूदा 540 सदस्यों वाले सदन में 361 वोटों की दरकार होगी। सत्ताधारी गठबंधन के पास 320 सांसद हैं और उसे जरूरी आंकड़ा पार करने के लिए कुछ विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी। हालांकि, सरकार इस बाधा को पार करने को लेकर आश्वस्त दिख रही है और सूत्रों के अनुसार, यह विधेयक 15 से 18 मतों के अंतर से पारित हो सकता है।



