नई दिल्ली । भारत में अब मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) प्रणाली लागू की जा रही है, जिसके तहत वाहन बिना रुके टोल प्लाजा पार कर सकेंगे और टोल शुल्क स्वतः कट जाएगा। देश में अब टोल प्लाजा पर वाहनों को रोकने या गति धीमी करने की जरूरत नहीं होगी।र्तमान में यह नई व्यवस्था देश के सात टोल प्लाजा पर शुरू हो चुकी है। इस व्यवस्था को पूरे देश में लागू करने पर तेजी से काम चल रहा है। यह प्रणाली भारत के टोल संग्रह में एक क्रांतिकारी बदलाव ला रही है, जो फास्टैग के कैशलेस भुगतान को और भी उन्नत बनाती है। एमएलएफएफ का अर्थ मल्टी-लेन फ्री फ्लो है, जो एक इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह प्रणाली है जिसमें भौतिक बैरियर की आवश्यकता नहीं होती। इसमें वाहन अपनी पूरी गति से लेन से गुजर सकता है।
टोल प्लाजा के ऊपर लगे कैमरे ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (एएनपीआर) तकनीक का उपयोग करते हैं। साथ ही, आरएफआईडी रीडर फास्टैग को स्कैन करते हैं और व्हीकल क्लासिफिकेशन सेंसर वाहन की श्रेणी निर्धारित करते हैं।ये तीनों सिस्टम एक साथ काम करते हैं, जिससे फास्टैग खाते से टोल राशि अपने आप कट जाती है। इससे पहले टोल प्लाजा पर लगने वाले लंबे जाम और प्रतीक्षा से मुक्ति मिलेगी, जो अक्सर सर्वर संबंधी समस्याओं या फास्टैग के ब्लैकलिस्ट होने के कारण होती थी। जानकारों के अनुसार, इस व्यवस्था से यात्रा का समय कम होगा और ईंधन की खपत में भी भारी कमी आएगी, जिससे प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी। सड़क परिवहन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, एमएलएफएफ लागू होने से परिचालन लागत में सालाना 5 हजार से 6 हजार करोड़ रुपये तक की कमी आ सकती है। इसके अतिरिक्त, टोल प्लाजा पर भीड़ कम होने से 250 मिलियन लीटर ईंधन बचेगा और कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में 81 हजार टन की कमी आएगी।
यह प्रणाली पायलट प्रोजेक्ट के तहत गुजरात के चौरासी टोल प्लाजा (एनएच-48), दिल्ली-एनसीआर के मुंडका और बक्करवाला प्लाजा, राजस्थान के दौलतपुरा, मनोहरपुरा और शाहजहांपुर प्लाजा (एनएच-48), हरियाणा के घरौंडा टोल प्लाजा (एनएच-44) और तमिलनाडु के पन्नूर टोल प्लाजा (एनएच-179बी) पर लागू की गई है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, मई से 1 अगस्त तक छह टोल प्लाजा से लगभग 147 करोड़ रुपये का टोल वसूला गया, जिसमें लगभग 90 प्रतिशत वाहनों का टोल स्वचालित रूप से कटा, जबकि 10 प्रतिशत वाहनों का भुगतान असफल रहा। यदि किसी कारणवश फास्टैग से भुगतान असफल हो जाता है, तो प्राधिकरण द्वारा ई-नोटिस भेजा जाता है। नेशनल हाईवे फीस रूल्स, 2008 के नियम 14 के तहत, वाहन मालिक को 72 घंटे के भीतर भुगतान करना होता है।



