नई दिल्ली । देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत के राज्यों में ठंड और कोहरे का असर बढ़ने लगा है, जबकि दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 27 नवंबर को लेकर मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, देश के छह राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, वहीं उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे और राजस्थान में शीतलहर की आशंका जताई गई है।दिल्ली-एनसीआर में दिन के समय धूप निकलने के बावजूद रात और सुबह ठंड बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 नवंबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। सुबह के समय कोहरा छाने से दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में ठंड का असर तेज हो गया है। सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 27 से 30 नवंबर के बीच शेखावाटी, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की चेतावनी दी है।उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में सुबह-रात घना कोहरा छा सकता है। बिहार में बारिश की संभावना नहीं है। केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और लक्षद्वीप में बारिश का अलर्ट है। केरल और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। पहलगाम में पारा माइनस 3.2 डिग्री दर्ज किया गया। इस बीच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी घने कोहरे की संभावना जताई गई है।



