नई दिल्ली । केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को 44वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में डिफेंस पवेलियन का दौरा करते हुए कहा कि देश ‘विकसित भारत’ की राह पर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा, “भारत की यह अद्भुत कलाएं और बढ़ती हुई ताकत दिखाती हैं कि देश पीएम मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।”केंद्रीय मंत्री गोयल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “यह हम सब के लिए बहुत ही गर्व की बात है कि आज भारत डिफेंस सेक्टर में आत्मनिर्भर बन रहा है। डिफेंस के हथियार भारत में बन रहे हैं। हमारे काबिल ऑफिसर, इंजीनियर्स, साइंटिस्ट और इनोवेटर्स के काम को मैं साधुवाद देता हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में 10 वर्षों में भारत एक डिफेंस इक्विपमेंट आयातक की जगह डिफेंस इक्विप्मेंट निर्यातक बना है। इसके लिए पीएम मोदी को बधाई देता हूं। युवाओं को लेकर उन्होंने कहा, “हमारे स्किल्ड युवा नए इनोवेशन की ओर बढ़ें। भारत अधिक से अधिक शस्त्र बनाने के लिए तैयार हो। हमारे साइंटिस्ट और इनोवेटर्स जितना ज्यादा रिसर्च एंड डेवलपमेंट में रुचि लेंगे यह देश को उतना ही सशक्त और सुरक्षित बनाएगा।” पिछले दिनों ही रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग व इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने 44वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में रक्षा उत्पादन विभाग द्वारा स्थापित डेडिकेटेड पवेलियन का उद्घाटन किया था।



