पटना – बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की भारी जीत के बाद बिहार की सियासत में ‘सुशासन बाबू’ के नाम से मशहूर नीतीश कुमार ने गुरुवार को पटना के ऐतिहासिक गाँधी मैदान में 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। गांधी मैदान में गुरुवार सुबह 11.30 बजे शुरू हुए समारोह में राज्यपाल अरिफ मोहम्मद खान ने नीतीश के साथ बीजेपी के सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई। गांधी मैदान 2005, 2010 और 2015 में भी नीतीश के शपथ समारोह का साक्षी रहा है। नीतीश-मोदी के नारों से गांधी मैदान गुंजायमान था। नीतीश कुमार के साथ सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। बिहार के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, जेपी नड्डा, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए।
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर गांधी मैदान और उसके आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। कार्यक्रम के मद्देनजर गांधी मैदान के आसपास के कई सड़कों पर यातायात के लिए मार्ग परिवर्तित भी किया गया है। उधर एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य लोग पटना के गांधी मैदान में मौजूद थे। इस मौके पर भोजपुरी के स्टार एक्टर-सिंगर मनोज तिवारी और पवन सिंह भी मौजूद थे। शपथ ग्रहण समारोह में भारी भीड़ उमड़ी थी। शपथ लेने के बाद सभी को पीएम मोदी ने बधाई दी।
गमछा लहराकर बिहार के लोगों का पीएम मोदी ने किया धन्यवाद – शपथ ग्रहण समारोह के समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधी मैदान में लोगों का अभिवादन किया और अपना खास गमछा लहराकर बिहार के लोगों का धन्यवाद दिया। बिहार में एनडीए विधानसभा चुनाव में 243 में से 202 सीटें जीतकर सत्ता में वापस आ गई है। इसकी खुशी पीएम मोदी के चेहरे पर साफ-साफ देखने को मिली।
3 महिला विधायकों को मौका – नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ 26 विधायक मंत्री बने। इनमें 3 महिला विधायकों को मौका मिला है। जनता दल (यूनाइटेड) से 1 और भाजपा से 2 महिला विधायकों को मंत्री बनाया गया है।
22 मिनट में संपन्न हो गया शपथ ग्रहण समारोह – खास बात ये रही कि इस बार शपथ ग्रहण समारोह महज 22 मिनट में संपन्न हो गया. दरअसल नितीश कुमार, सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा द्वारा शपथ लेने के पश्चात 7-7 विधायकों को एक साथ तीन बार में शपथ दिलवाई गई। शायद यह पहला मौका रहा जब शपथ ग्रहण समारोह इतने कम समय में निपटा दिया गया।
इन मंत्रियों ने ली शपथ
भाजपा से शामिल मंत्री – भाजपा ने इस बार मंत्रिमंडल में बड़ी संख्या में चेहरे शामिल किए हैं।
इन नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली:सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडे, दिलीप जायसवाल, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संजय टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रोशन, श्रेयसी सिंह तथा प्रमोद कुमार (चंद्रवंशी )
जेडीयू से शामिल मंत्री – मुख्य सहयोगी दल जदयू से इन नेताओं को मंत्रिमंडल में स्थान मिला है:विजय चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन साहनी, मोहम्मद जमा खान, सुनील कुमार
हम से शामिल मंत्री – संतोष कुमार सुमन
लोजपा (राम विलास) से शामिल मंत्री – संजय कुमार एवं संजय सिंह
राष्ट्रीय लोक मोर्चा से शामिल मंत्री – दीपक प्रकाश
महिलाओं की रही भारी मौजूदगी – इस शपथ ग्रहण समारोह में महिलाओं की भारी मौजूदगी खास बात रही। ये महिलाएं मोदी के गमछा वाले स्टाइल में अपना आंचल लहरा रही थीं तो कोई स्टॉल लहरा रही थीं। महिलाओं ने नीतीश के स्वागत में नारे लगाए, ‘सुशासन बाबू जिंदाबाद’ और ‘महिला शक्ति की जय’। बिहार चुनाव में महिलाओं के वोट ने एनडीए को मजबूती दी, जो इस समारोह में साफ झलकी।



