जोधपुर। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस के सवालों पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग संवैधानिक अधिकारों के तहत निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए यह कार्य कर रहा है। जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में शेखावत ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का समय-समय पर पुनरीक्षण चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के अंतर्गत आयोग यह प्रक्रिया पूरी कर रहा है। देश में कई बार मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण हो चुका है, जो चुनावों की शुचिता बनाए रखने के लिए आवश्यक है।
कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह पार्टी हमेशा से राजनीतिक स्वार्थ में लिप्त रही है। उन्होंने महाराष्ट्र चुनाव के बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा मतदाता सूचियों में गड़बड़ी के आरोपों का जिक्र किया। शेखावत ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, कांग्रेस और उसके मुखिया कभी हाइड्रोजन बम तो कभी एटम बम जैसे दावे करते रहे। अब एसआईआर प्रक्रिया शुरू होते ही वे इस पर राजनीति कर रहे हैं। लेकिन बिहार चुनाव में जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बांटने, तोड़ने और दुर्व्यवहार की राजनीति अब नहीं चलेगी। देश सिर्फ विकास और विकसित भारत की दिशा में प्रेरित राजनीति को स्वीकार करेगा। उन्होंने आगे कहा कि कई राज्यों में अभी चुनाव बाकी हैं और बंगाल जैसे राज्यों में जनता फिर से अपना फैसला सुनाएगी। एसआईआर प्रक्रिया पर उठे सवालों का जवाब देते हुए शेखावत ने बताया कि यह चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में लागू की जाएगी। फिलहाल 12 राज्यों में यह प्रक्रिया चल रही है और इनके पूरा होने के बाद अन्य राज्यों में शुरू होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि एसआईआर से मतदाता सूचियों की सटीकता बढ़ेगी, जो लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है।



