HomeNationalजेपी नड्डा ने अफगानिस्तान और नेपाल के मंत्रियों से की मुलाकात, स्वास्थ्य...

जेपी नड्डा ने अफगानिस्तान और नेपाल के मंत्रियों से की मुलाकात, स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग को दी नई गति

नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने पड़ोसी देशों के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग को नई गति दी है। नड्डा ने अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री मौलवी नूर जलाल जलाली और नेपाल की स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्री डॉ. सुधा शर्मा गौतम के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आधिकारिक एक्स हैंडल से जारी पोस्ट के मुताबिक इन बैठकों में भारत की पड़ोसी पहले नीति के तहत मानवीय सहायता और स्वास्थ्य साझेदारी पर जोर दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अफगानिस्तान के मंत्री जलाली के साथ हुई बैठक में भारत ने स्वास्थ्य सेवा सहयोग और मानवीय सहायता की प्रतिबद्धता दोहराई।

विशेष रूप से दवाओं की लंबी अवधि की आपूर्ति पर चर्चा हुई। अफगान लोगों की चिकित्सा जरूरतों को पूरा करने के लिए कैंसर की दवाओं और वैक्सीन का प्रतीकात्मक हस्तांतरण किया गया। इसके अलावा, दवाओं, वैक्सीन और एक १२८-स्लाइस सीटी स्कैनर की बड़ी खेप अफगानिस्तान भेजी जा रही है। यह सहायता अफगानिस्तान में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी। वहीं नेपाल की स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुधा शर्मा गौतम के साथ भी बैठक अहम रही। इसमें भारत-नेपाल की गहरी स्वास्थ्य साझेदारी की पुष्टि हुई। ये प्रयास दोनों देशों में जन-केंद्रित मजबूत स्वास्थ्य प्रणालियों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

जेपी नड्डा ने एक्स पर लिखा- अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री मौलवी नूर जलाल जलाली के साथ एक बैठक हुई। भारत ने अफगानिस्तान के साथ लगातार मानवीय सहायता और हेल्थकेयर सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और इस सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की, जिसमें दवाओं की लंबी अवधि की सप्लाई पर खास ध्यान दिया गया। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा कि आज नई दिल्ली में पारंपरिक चिकित्सा पर दूसरे ग्लोबल समिट के मौके पर नेपाल की स्वास्थ्य और जनसंख्या मंत्री डॉ. सुधा शर्मा के साथ मेरी गर्मजोशी भरी और सार्थक बातचीत हुई। हमने स्वास्थ्य सेवा सहयोग को मजबूत करने और आने वाले सालों में अपने लोगों को ठोस फायदे पहुंचाने के लिए मिलकर काम करने के अपने साझा संकल्प को दोहराया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments