HomeNationalघने कोहरे की चादर में सिमटा उत्तर भारत,यूपी समेत कई राज्यों के...

घने कोहरे की चादर में सिमटा उत्तर भारत,यूपी समेत कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी

नई दिल्ली । उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। ठंड के साथ-साथ कोहरे ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। शनिवार सुबह कई इलाकों में हालात ऐसे रहे कि सड़कों पर घुप्प अंधेरा छाया रहा और दृश्यता बेहद कम हो गई। मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए भयंकर कोहरे का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार तापमान में बहुत अधिक गिरावट की संभावना नहीं है, लेकिन ठंड का असर लगातार बना रहेगा। राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25 दिसंबर तक 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं 20 से 22 दिसंबर के बीच घने कोहरे को लेकर विशेष चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत के कई राज्यों में बादल भी डेरा डाले रहेंगे, जिससे दिन में धूप निकलने की संभावना कम रहेगी। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में घने कोहरे के साथ बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है। 21 दिसंबर के आसपास उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। पहाड़ी इलाकों में होने वाली बर्फबारी के बाद वहां से आने वाली ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों में ठंड को और तेज कर सकती हैं। उत्तर प्रदेश की बात करें तो राज्य के कई जिलों में घना कोहरा दिन के समय भी देर तक छाया रहा, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार उत्तर भारत से होकर गुजरने वाली पश्चिमी हवाएं इस स्थिति के लिए जिम्मेदार हैं।

बीते 72 घंटों में कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान में अपेक्षाकृत कम बदलाव देखने को मिला। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा और ठंड से लेकर अत्यधिक ठंड की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी और कोहरे की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। लखनऊ स्थित मौसम केंद्र ने कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। शनिवार को राजधानी में सुबह के समय बेहद घना कोहरा देखने को मिला। घने कोहरे के कारण हवाई यातायात पर भी असर पड़ा और कई उड़ानें रद्द या विलंबित रहीं। अगले दो दिनों तक दिल्ली में धूप निकलने की संभावना कम बताई जा रही है। सुबह घना कोहरा छाए रहने और दिन में बादलों की आवाजाही जारी रहने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments