HomeHaryanaतैयार रेलखंड पर इंटरसिटी अथवा वंदे भारत ट्रेन शीघ्र चलाई जाए: कुमारी...

तैयार रेलखंड पर इंटरसिटी अथवा वंदे भारत ट्रेन शीघ्र चलाई जाए: कुमारी सैलजा

सिरसा : सिरसा की सांसद, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री कुमारी सैलजा ने रेलवे मंत्रालय से मांग की है कि सिरसा-दिल्ली रेल मार्ग पर इंटरसिटी एक्सप्रेस अथवा वंदे भारत ट्रेन का संचालन अविलंब शुरू किया जाए ताकि आम यात्रियों के साथ-साथ विशेष रूप से व्यापारी वर्ग को सीधा और व्यावहारिक लाभ मिल सके।
कुमारी सैलजा ने कहा कि यह उल्लेखनीय तथ्य है कि वर्ष 2013 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा इस नए रेल खंड का विधिवत शिलान्यास किया गया था। यह परियोजना क्षेत्र की भविष्य की आवश्यकताओं, व्यापारिक गतिविधियों और यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रारंभ की गई थी।
उन्होंने कहा कि अब जब यह रेलवे लाइन बनकर पूरी तरह तैयार हो चुकी है, तो रेलवे विभाग को चाहिए कि वह इस पर बिना किसी देरी के यात्री रेल सेवाएं प्रारंभ करे। सिरसा, हिसार, एवं आसपास के क्षेत्रों के व्यापारी, नौकरीपेशा लोग और विद्यार्थी लंबे समय से ऐसी रेल सेवा की मांग कर रहे हैं, जिससे वे सुबह दिल्ली जाकर अपने कार्य पूरे कर सकें और शाम को वापस लौट सकें। कुमारी सैलजा ने कहा कि वर्तमान में उपलब्ध रेलगाड़ियों के समय यात्रियों की दैनिक आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है। यदि इस मार्ग पर इंटरसिटी एक्सप्रेस या वंदे भारत जैसी तेज़, आधुनिक और समयबद्ध ट्रेन चलाई जाती है, तो इससे न केवल यात्रा सुगम होगी, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार, आर्थिक विकास और रोजगार के अवसरों को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी केवल यात्रा सुविधा का विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास से सीधे जुड़ा हुआ मुद्दा है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा बुनियादी ढांचे के विकास और जनहित को सर्वोपरि रखा है और आगे भी जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाती रहेगी। कुमारी सैलजा ने रेलवे मंत्रालय से आग्रह किया कि वह जनभावनाओं को समझते हुए इस तैयार रेल खंड पर शीघ्र इंटरसिटी एक्सप्रेस अथवा वंदे भारत ट्रेन का संचालन शुरू करने का निर्णय ले।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments