भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अभी अपनी चोट से उबर रहे हैं पर चौथे टेस्ट में खेलने की उनकी उम्मीदें अभी समाप्त नहीं हुई हैं। अगर वह इस मैच में खेलते हैं तो एक नया रिकार्ड अपने नाम कर सकते हैा वह है सबसे अधिक छक्के लगाने का। इसके लिए उन्हें तीन छक्के चाहिये। ऋषभ इस मैच में तीन छक्के लगाते ही टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से वीरेंद्र सहवाग के 90 छक्कों के आंकड़े को पीछे छोड़ देंगे। यह रिकॉर्ड पिछले काफी समय से बना हुआ है।
हालांकि लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान उन्हें उंगली में चोट लगी थी, फिर भी मैनचेस्टर टेस्ट में विकेटकीपर के तौर पर उनके खेलने की पूरी उम्मीद है। भारतीय टीम इस सीरीज में पहले से ही 1-2 से पीछे हैं और ऐसे में प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि वह मैच तक फिट हो जायें। सहवाग ने 103 टेस्ट की 178 पारियों में 90 छक्के लगाए हैं। वहीं ऋषभ ने अपने करियर के 46 टेस्ट मैचों में अब तक 88 छक्के लगाये है और वह 88 छक्के लगाकर पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के साथ सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर है। उनका 74.19 का स्ट्राइक रेट मध्य क्रम में काफी अच्छा माना जाता है। वहीं सहवाग का सलामी बल्लेबाज के तौर पर स्ट्राइक रेट 82.18 था । वहीं सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में तीसरें नंबर पर महेन्द्र सिंह धोनी हैं। जिनके नाम 78 छक्के हैं। वहीं रविन्द्र जडेजा के नाम 72 छक्के हैं।



