नई दिल्ली । जम्मू-कश्मीर में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी के बीच अमरनाथ यात्रा को शनिवार को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से किसी भी नए जत्थे को कश्मीर घाटी की ओर रवाना नहीं किया गया। प्रशासन ने साफ किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति में सुधार होने के बाद ही आगे की आवाजाही पर फैसला लिया जाएगा।
मौसम विभाग ने जम्मू क्षेत्र में 11 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
इसके साथ ही अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण रास्तों पर मलबा आने और सड़क संपर्क प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है।अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बेहद महत्वपूर्ण है। प्रशासन इस मार्ग के साथ-साथ पहलगाम और बालटाल से जुड़े यात्रा मार्गों की स्थिति पर भी लगातार नजर रख रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार को बारिश के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात फिलहाल सुचारू रहा, लेकिन मौसम बिगड़ने की स्थिति में यातायात को नियंत्रित किया जा सकता है।
इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई थी और अब तक 4.75 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में खराब मौसम के कारण यात्रियों की संख्या में कमी आई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए धैर्य रखें और आधिकारिक निर्देशों का पालन करें। यात्रा दोबारा कब शुरू होगी, इसका फैसला मौसम और रास्तों की सुरक्षा की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।



