शिमला। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में भीषण भूस्खलन ने पांगी घाटी को मातम में डुबो दिया है। पांगी-उदयपुर मार्ग पर कुडूनाला के समीप चलती टाटा सूमो गाड़ी अचानक पहाड़ी से गिरे विशाल पत्थरों की चपेट में आ गई, जिससे गाड़ी में सवार 6 माह के एक बच्चे सहित 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लग सकता है कि भूस्खलन के बाद गाड़ी के पिछले हिस्से में आग भी लग गई और वह पूरी तरह मलबे में बदल गई।
लाहौल-स्पीति पुलिस ने भीषण दुर्घटना की पुष्टि की है। बताया गया है कि दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी में कुल 15 लोग यात्रा कर रहे थे, जिसमें से 13 की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो यात्री चमत्कारिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ बताए जा रहे हैं। मृतकों में सभी पांगी घाटी के निवासी बताए जा रहे हैं, हालांकि उनकी आधिकारिक पहचान की पुष्टि होना अभी बाकी है। यह दुखद घटना लाहौल घाटी से करीब 60-70 किलोमीटर दूर कुडूनाला के पास हुई, जहाँ पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानें सूमो पर आ गिरीं।
भरमौर-पांगी के विधायक जनक राज ने दुखद हादसे पर दुख व्यक्त किया है और चंबा तथा लाहौल-स्पीति के जिलाधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया है। लाहौल-स्पीति पुलिस की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और बचाव दल राहत कार्यों में जुट गए हैं। घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को आग लगी हुई और सेना के जवान सहित स्थानीय लोग बचाव कार्य करते दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, यह वाहन उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर पिछले दिन बंद होने के कारण तिंदी में रुका हुआ था।



