लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद आजम खान को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उन्हें गाजियाबाद की डासना जेल ले जाया जाएगा। यह फैसला जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई सुनवाई के बाद आया है। इस बीच, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) आजम की रिमांड लेने की तैयारी में जुटा है। ईडी सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी अगले एक-दो दिनों में पीएमएलए कोर्ट में उनकी पुलिस कस्टडी (पीसी) रिमांड के लिए आवेदन कर सकती है।
यदि अदालत रिमांड देती है, तब ईडी उन्हें लखनऊ ले जाकर जौहर यूनिवर्सिटी की फंडिंग और कथित मनी ट्रेल के संबंध में गहन पूछताछ करेगी। गौरतलब है कि रविवार को हुई सुनवाई के दौरान, ईडी ने अदालत से आजम की 14 दिन की कस्टडी की मांग की थी। जांच एजेंसी ने जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े फंड में कथित वित्तीय अनियमितताओं और पैसों के लेन-देन (मनी ट्रेल) को लेकर अपनी दलीलें पेश कीं। ईडी ने कोर्ट को बताया कि यूनिवर्सिटी की फंडिंग में किस तरह की कथित अनियमितताएं हुई हैं, जिसके आधार पर उन्होंने हिरासत की मांग की थी।



