लुधियाना। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शनिवार से तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर रहेंगे। अपने इस प्रवास के दौरान नवबीन अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में धार्मिक, सामाजिक, संगठनात्मक एवं बौद्धिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। बीजेपी पंजाब के प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन ने बताया कि नितिन नबीन 20 जून को अमृतसर पहुंचेंगे और अपने दौरे की शुरुआत श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेककर करेंगे। इसके बाद वे ऐतिहासिक जलियांवाला बाग, श्री दुर्गियाना मंदिर और श्री राम तीर्थ मंदिर में भी दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे और पंजाब की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नमन करेंगे। शाम को वे जालंधर के लिए रवाना होंगे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 21 जून को नवीन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे लुधियाना पहुंचेंगे, जहां दुगरी रोड स्थित बीजेपी के जिला कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और सब-सर्कल इंचार्ज एवं वरिष्ठ संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ एक व्यापक बैठक करेंगे। शाम को वे उद्योगपतियों एवं व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। सरीन ने बताया कि 22 जून को नबीन सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों तथा युवा प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।
इस दौरान युवा सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा। बीजेपी पंजाब के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों एवं प्रदेश कोर ग्रुप की अलग-अलग बैठकों का भी कार्यक्रम तय है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का यह दौरा पंजाब में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को नई गति प्रदान करेगा और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच भाजपा की पहुंच को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब के बीजेपी कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर अत्यंत उत्साहित हैं और इस दौरे को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।



