चंडीगढ़ – हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कलाओं और पारंपरिक हस्तशिल्प को नई पहचान देने के उद्देश्य से तीसरे सूरजकुंड दिवाली मेले का शुक्रवार को भव्य आगाज होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चार दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। पर्यटन विभाग की ओर से मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। कल 23 से 26 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजनों और लोक संगीत की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। मेले में लगभग 300 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां पर्यटक दिवाली की खरीदारी के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिल्पकारों की कलाकृतियों से रूबरू हो सकेंगे।
प्रदेश के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सूरजकुंड दिवाली मेला केवल उत्सव या खरीदारी का आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और शिल्पकारों की प्रतिभा को सम्मान देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सूरजकुंड ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा को विशेष पहचान दिलाई है। अब दिवाली मेले के माध्यम से इस पहचान को और विस्तार दिया जा रहा है।डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार का प्रयास है कि पर्यटन गतिविधियों का लाभ स्थानीय कलाकारों, कारीगरों, शिल्पकारों और छोटे व्यापारियों तक पहुंचे। ऐसे आयोजनों से जहां पारंपरिक कलाओं को संरक्षण मिलता है, वहीं रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
300 स्टॉलों पर सजेगा देशभर के शिल्पकारों का हुनर – विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि मेले में लगभग 300 स्टॉलों पर हस्तशिल्प, हथकरघा, पारंपरिक कलाकृतियां, सजावटी सामान और दिवाली से जुड़े विभिन्न उत्पाद उपलब्ध होंगे। पर्यटकों को एक ही स्थान पर देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी वस्तुओं की खरीदारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों को अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए मंच उपलब्ध कराना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। इससे शिल्पकारों की आमदनी बढ़ाने के साथ पारंपरिक कलाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।
26 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल करेंगे समापन समारोह में शिरकत-विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि तीसरे सूरजकुंड दिवाली मेले का समापन 26 अक्टूबर को होगा। समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पड़ोसी राज्यों के लोगों से सपरिवार मेले में पहुंचने का आह्वान किया।



