Lifestyle News : आजकल माता-पिता बच्चों की पढ़ाई को सबसे ज्यादा अहम मानने लगे हैं। अच्छे नंबर और बेहतर परिणाम को ही वे बच्चों के भविष्य की कुंजी समझते हैं। लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों पर पढ़ाई का जरूरत से ज्यादा दबाव डालना उनकी सेहत और मानसिक शांति के लिए ठीक नहीं होता। विशेषज्ञों के अनुसार, हर बच्चा एक जैसा नहीं होता। कोई पढ़ाई में अच्छा होता है तो किसी में खेल, संगीत, कला या रचनात्मकता की विशेष प्रतिभा होती है। केवल अकादमिक प्रदर्शन के आधार पर बच्चे की क्षमता या भविष्य को आंकना सही नहीं है।
पढ़ाई का अधिक दबाव न बनाये – आजकल बच्चों से बेहतर अंक लाने, कोचिंग क्लासेज़ करने और प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने की अपेक्षा की जाती है। इससे बच्चों पर मानसिक दबाव बढ़ जाता है, जो आगे चलकर तनाव, चिंता, अवसाद और आत्मविश्वास की कमी जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है।इसके अलावा कम उम्र में अधिक तनाव से थकान, नींद की कमी और मोटापा जैसी शारीरिक समस्याएं भी देखने को मिलती हैं।सिर्फ पढ़ाई का बोझ और खेल से दूरी भी बच्चों को बना रहा मानसिक रूप से कमजोर बना रही है।
ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं कि बच्चों के समग्र विकास के लिए खेलना और शारीरिक गतिविधियां बेहद जरूरी हैं। खेल के माध्यम से बच्चे संवाद करना, समस्याओं को सुलझाना, टीमवर्क, रचनात्मक सोच और सामाजिक व्यवहार जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल सीखते हैं। शारीरिक गतिविधि से न केवल शरीर मजबूत होता है बल्कि मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, तनाव कम होता है और आत्मसम्मान बढ़ता है।माता-पिता को चाहिए कि वे बच्चों के लिए घर में सहायक और सकारात्मक वातावरण तैयार करें।
बच्चों को सवाल पूछने, अपनी जिज्ञासा जाहिर करने और अपनी रुचियों को पहचानने का मौका मिलना चाहिए। जब बच्चे खुद सीखने में रुचि लेते हैं, तो उनमें पढ़ाई के प्रति स्वाभाविक लगाव विकसित होता है। विशेषज्ञों का मानना है कि पढ़ाई जरूरी है, लेकिन इसके साथ-साथ खेल, मनोरंजन और आराम भी उतना ही आवश्यक है। माता-पिता बच्चों को आउटडोर खेलों, खेलकूद गतिविधियों और फिटनेस से जुड़ी कक्षाओं में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित कर सकते हैं।



