चंडीगढ़: पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश, चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने पांचवें सिख गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर प्रदेशवासियों से महान गुरु द्वारा प्रदर्शित शिक्षाओं एवं मार्ग का अनुसरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु अर्जुन देव जी ने मानवता, धर्मनिरपेक्षता तथा समस्त मानव जाति की एकता जैसे महान मूल्यों की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, जो सदैव समाज को प्रेरणा प्रदान करता रहेगा।अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि श्री गुरु अर्जुन देव जी का अतुलनीय बलिदान हम सभी तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उनका त्याग, धैर्य, मानवता और सत्य के प्रति अटूट समर्पण समाज को सदैव सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।
राज्यपाल ने कहा कि श्री गुरु अर्जुन देव जी द्वारा आदि ग्रंथ, श्री गुरु ग्रंथ साहिब का किया गया महान संकलन ज्ञान और आध्यात्मिक प्रज्ञा का एक शाश्वत स्रोत है, जो मानवता को सभी के लिए शांति, सद्भाव और समृद्धि पर आधारित समाज के निर्माण का मार्ग दिखाता है।श्री गुरु अर्जुन देव जी की शिक्षाओं और उपदेशों की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उनका शहीदी बलिदान धर्म और सत्य के संरक्षण के लिए था। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस को पारंपरिक सौहार्द, सामाजिक सद्भाव और मानव भाईचारे की भावना के साथ मनाएं।



