HomeHaryanaहरियाणा विकास, रोजगार और जनकल्याण में आगे बढ़ रहा, पंजाब को भी चाहिए पारदर्शी...

हरियाणा विकास, रोजगार और जनकल्याण में आगे बढ़ रहा, पंजाब को भी चाहिए पारदर्शी और विकासोन्मुख सरकार :  नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़ – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को पंजाब के फिरोजपुर जिले के गोलुका गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नई दिशा देने और विकास की गति को आगे बढ़ाने का काम किया है। आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई से लेकर विकास और जनकल्याण तक, केंद्र सरकार ने देशहित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से पूरे देश में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा और समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर की शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना करें।

शहीद ऊधम सिंह को किया नमन – इस अवसर पर नायब सिंह सैनी ने शहीद ऊधम सिंह को नमन करते हुए कहा कि पंजाब की धरती ने देश की आजादी के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं। शहीद ऊधम सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों की कुर्बानी को देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि आज भी समाज और राष्ट्र को ऐसे देशभक्तों की जरूरत है, जो राष्ट्रहित, समाज और मानवता की सेवा के लिए समर्पित होकर काम करें। उन्होंने शहीद ऊधम सिंह के माता-पिता को भी नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें डेरा बाबा राम थमन जी महाराज में माथा टेकने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। बाबा राम थमन जी महाराज की महान परंपरा ने सदैव सेवा, सद्भाव और मानवता का संदेश आगे बढ़ाया है।

हरियाणा की पारदर्शी व्यवस्था और विकास का किया उल्लेख – मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लोग मेहनतकश, प्रतिभाशाली और स्वाभिमानी हैं। पंजाब के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को ऐसी सरकार की जरूरत है, जो पारदर्शिता के साथ विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर ध्यान दे। उन्होंने हरियाणा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में पिछले लगभग 12 वर्षों में 2 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं। युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची और पूरी पारदर्शिता के साथ रोजगार देने की नीति पर काम किया जा रहा है। उन्होंने पंजाब सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पंजाब में युवाओं के रोजगार को लेकर बड़े-बड़े वादे किए गए थे। अब सरकार को बताना चाहिए कि उसने कितने युवाओं को रोजगार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में सरकारी नौकरियों में मुख्यमंत्री और विधायकों के रिश्तेदारों तथा करीबियों को लाभ मिलने की शिकायतें सामने आई हैं, जबकि हरियाणा में भर्ती प्रक्रिया योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर संचालित की जा रही है।

किसानों के हित में एमएसपी पर खरीद और समय पर भुगतान – मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में किसानों के हित में फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद सुनिश्चित की जा रही है । किसानों को फसल बिक्री का भुगतान 48 से 72 घंटे के भीतर किए जाने की व्यवस्था की गई है। प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर किसानों को मुआवजा देने के साथ-साथ भावांतर योजना के माध्यम से भी आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है।

नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई और युवाओं को सही दिशा देने पर जोर – मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या गंभीर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की शिकायतें सामने आती हैं, जबकि सरकार को नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में नशे के खिलाफ टास्क फोर्स बनाई गई है और नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। नशा तस्करों की करोड़ों रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए मैराथन और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

महिलाओंकिसानों और आमजन को योजनाओं का लाभ – मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने अपने संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में कदम उठाए हैं। महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2,100 रुपये की सहायता दी जा रही है। 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा भी पूरा किया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान चिरायु योजना के माध्यम से प्रदेश के करीब डेढ़ करोड़ लोगों के कार्ड बनाए गए हैं और 5 लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक करीब 40 लाख लोग इसका लाभ ले चुके हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ विदेश भेजने के नाम पर होने वाले फर्जीवाड़े और डंकी रूट के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। विदेश जाने के इच्छुक युवाओं को सुरक्षित और वैध माध्यम से विदेश भेजने के लिए विदेश सहयोग विभाग की स्थापना की गई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा का युवा खेलों में देश का नाम रोशन कर रहा है और लगातार पदक जीत रहा है। पंजाब की धरती ने भी देश को बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की युवा शक्ति को सही दिशा, रोजगार और नशे से मुक्त वातावरण उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments