नई दिल्ली। देश के एक बड़े हिस्से में मॉनसून और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने आज 14 जून को दिल्ली, बिहार, पंजाब और मध्य प्रदेश समेत देश के कम से कम 17 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई राज्यों में तेज रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने आम लोगों को विशेष रूप से वज्रपात (आकाशीय बिजली) से सतर्क रहने की सख्त चेतावनी दी है। इसके साथ ही आशंका जताई गई है कि तेज आंधी और बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ गिर सकते हैं और पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के ऊपर एक मजबूत चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है।
इसके प्रभाव से राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में हवाओं की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे इन क्षेत्रों में धूलभरी आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। दूसरी तरफ, मॉनसून बिहार की सीमा में प्रवेश कर चुका है और अब यह किसी भी समय उत्तर प्रदेश का रुख कर सकता है। हालांकि, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में मॉनसून की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ने के कारण वहां हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।देश के अन्य प्रमुख राज्यों की बात करें तो उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश, केरल, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर के मेघालय, त्रिपुरा, असम, अरुणाचल, सिक्किम और मणिपुर में गरज-चमक के साथ बारिश की पूरी संभावना है।
कुछ संवेदनशील इलाकों में हवाओं की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे की अत्यधिक गति को भी छू सकती है। उत्तर प्रदेश के मौसम की बात करें तो आज राज्य के मेरठ, अलीगढ़, गाजियाबाद, मुरादाबाद, हरदोई, शाहजहांपुर, बुलंदशहर, गोरखपुर, वाराणसी और अयोध्या जैसे जिलों में तेज आंधी चलने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, उत्तर प्रदेश में आज बहुत भारी बारिश की उम्मीद नहीं है, लेकिन 15 या 16 जून से राज्य में मॉनसूनी गतिविधियां तेजी से रफ्तार पकड़ सकती हैं। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में आज 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कई जगहों पर हल्की फुल्की फुहारें पड़ने का अनुमान है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है, जबकि अगले दो दिनों में यहां मौसम करवट लेगा और झमाझम बारिश होने की उम्मीद है।



