नई दिल्ली । भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम कोलंबो में चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया 4 अगस्त को श्रीलंका पहुंचेगी और मुख्य सीरीज से पहले स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप खुद को तैयार करने के लिए अभ्यास सत्रों के साथ एक वॉर्म-अप मैच भी खेलेगी। यह मुकाबला 7 से 10 अगस्त तक कोलंबो स्थित नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब (एनसीसी) मैदान पर आयोजित किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, अभ्यास मैच का उद्देश्य खिलाड़ियों को श्रीलंका की पिचों और मौसम के अनुरूप ढलने का पर्याप्त अवसर देना है।
चार दिवसीय मुकाबले के दौरान टीम प्रबंधन खिलाड़ियों के संयोजन और तैयारियों का भी आकलन करेगा, ताकि टेस्ट सीरीज के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतिम एकादश का चयन किया जा सके। विदेशी दौरों पर इस तरह के अभ्यास मैच खिलाड़ियों को मैच परिस्थितियों में खुद को परखने का मौका देते हैं और लंबे प्रारूप के लिए लय हासिल करने में मददगार साबित होते हैं।अभ्यास मैच समाप्त होने के बाद भारतीय टीम गॉल रवाना होगी, जहां टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर होगा।
दोनों मैच स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होंगे। यह टेस्ट सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अंक तालिका में बेहतर स्थिति हासिल करने के उद्देश्य से भारत और श्रीलंका दोनों के लिए इस श्रृंखला में जीत दर्ज करना जरूरी होगा। मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में भारतीय टीम नौ मैचों के बाद 48.15 प्रतिशत अंक के साथ पांचवें स्थान पर है, जबकि श्रीलंका 44.44 प्रतिशत अंक के साथ छठे स्थान पर मौजूद है। ऐसे में इस सीरीज का परिणाम दोनों टीमों की फाइनल की दौड़ पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकता है।
भारतीय टीम करीब आठ वर्ष बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी। इससे पहले वर्ष 2017 में विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका को उसकी सरजमीं पर 3-0 से हराकर ऐतिहासिक क्लीन स्वीप किया था। इस बार शुभमन गिल के नेतृत्व में टीम उसी सफलता को दोहराने के इरादे से मैदान में उतरेगी। हालिया प्रदर्शन की बात करें तो भारत ने अपना पिछला टेस्ट जून में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था, जिसमें टीम ने पारी के अंतर से प्रभावशाली जीत दर्ज की थी। दूसरी ओर श्रीलंका को हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में दोनों टीमें नई शुरुआत और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में महत्वपूर्ण अंक हासिल करने के लक्ष्य के साथ इस बहुप्रतीक्षित टेस्ट सीरीज में उतरेंगी।



