HomeSportभारत के साहिल-चिकिता ने एशियाई खेलों की तीरंदाजी में जीता स्वर्ण

भारत के साहिल-चिकिता ने एशियाई खेलों की तीरंदाजी में जीता स्वर्ण

नागोया। भारत के साहिल जाधव और चिकिता तानीपार्थी की कंपाउंड मिश्रित तीरंदाजी टीम ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता है। इस जोड़ी ने एक बेहद ही रोमांचक मुकाबले में दक्षिण कोरियाई टीम को शूट-ऑफ में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही भारत को आठवां स्वर्ण पदक मिला है। इस मुकाबले की शुरुआत में भी भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बढ़त बना दी। पहले दो सेट के बाद साहिल और चिकिता ने 80-78 की बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद तीसरे सेट में दक्षिण कोरियाई टीम ने ज़बरदस्त वापसी की जिससे भारतीय टीम की बढ़त कम होकर एक अंक ही रह गयी।

इससे कुल स्कोर 118-117 हो गया। यहीं से मैच में रोमांचक हो गया। चौथे और अंतिम सेट में कोरियाई टीम ने परफेक्ट 20 का स्कोर कर भारतीय खिलाड़ियों पर दबाव बना दिया। इस दबाव के बीच, चिकिता 9 का स्कोर ही कर पाईं पर साहिल ने ने अंतिम शॉट में 10 का निशाना लगाया, जिससे स्कोर 157-157 पर बराबर हो गया और मुकाबले का फैसला शूट-ऑफ में चला गया।शूट-ऑफ में भी कड़ा मुकाबला रहा। दोनों टीमों को दो-दो शॉट लगाने थे। भारत और दक्षिण कोरिया दोनों ने पहला शॉट 10 लगाया। साहिल ने अपना दूसरा शॉट भी सटीक 10 लगाया। हालांकि, इस समय दक्षिण कोरिया की महिला खिलाड़ी का शॉट सेंटर पॉइंट के अधिक करीब था।

अब सभी की निगाहें दक्षिण कोरिया के पुरुष खिलाड़ी चोई पर टिकी थीं। अगर चोई 10 का स्कोर कर लेते तो स्वर्ण पदक उनके नाम होता, लेकिन दबाव उन पर भी हावी हो गया और उनका शॉट 9 पर लगा। इससे भारत ने 20-19 से शूट-ऑफ जीत लिया और साहिल-चिकिता की जोड़ी ने स्वर्ण पदक हासिल कर लिया। यह जीत उस स्थिति से आई, जहां कुछ पल पहले तक हार लगभग तय लग रही थी। इस जीत के साथ ही 2026 एशियाई खेलों में भारत के कुल पदकों की संख्या अब 54 पहुँच गई है। इनमें 8 स्वर्ण, 21 रजत और 25 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत इस समय पदक तालिका में 9वें पायदान पर काबिज है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments