नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बड़ा ऐलान किया है। राजस्थान के बीकानेर में आयोजित उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक में अमित शाह ने कहा कि सीमावर्ती जिलों में नया “360 डिग्री सुरक्षा ग्रिड” लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य सीमा पार घुसपैठ, ड्रग्स तस्करी, आतंकी गतिविधियों और अवैध निर्माणों पर पूरी तरह लगाम लगाना है।बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर और फलोदी के जिला अधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे। अमित शाह ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल, राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और आम नागरिकों के बेहतर समन्वय से सीमा सुरक्षा को और मजबूत बनाया जाएगा।
गृह मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से 15 किलोमीटर के दायरे में बने अवैध निर्माणों को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने घुसपैठ, नारकोटिक्स तस्करी, आतंकी फंडिंग और फर्जी आधार कार्ड नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। अमित शाह ने जिला अधिकारियों को शेल कंपनियों, म्यूल खातों और संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की पहचान करने के भी निर्देश दिए।बैठक में साइबर अपराध रोकने के लिए “1930” हेल्पलाइन के प्रभावी उपयोग और नए आपराधिक कानूनों के बेहतर क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा “वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-दो” के तहत सीमावर्ती गांवों में सभी सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश की सीमाओं को पूरी तरह सुरक्षित और अभेद्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।



