छठ घाट पर परिवार के साथ की पूजा, देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
पटना। बिहार में चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी पत्नी दीपमाला और परिवार के साथ छठ पूजा की। उन्होंने पटना स्थित अपने आवास पर बनाए गए छठ घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके साथ ही 36 घंटे तक चलने वाले निर्जला व्रत का भी समापन हुआ। पूजा के दौरान नितिन नबीन की पत्नी दीपमाला ने छठी मैया से भूल-चूक के लिए क्षमा मांगी और परिवार समेत सभी लोगों के स्वस्थ एवं खुशहाल रहने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि छठी मैया उनकी भेंट स्वीकार करें और सभी लोगों का अच्छे से ध्यान रखें।
इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि उन्होंने भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा कर बिहार तथा पूरे देश के लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की है। उन्होंने कहा कि छठ बिहार की संस्कृति और लोगों की गहरी आस्था से जुड़ा महापर्व है, जिसे पूरे देश और दुनिया में जहां-जहां बिहार के लोग रहते हैं, वहां उत्साह के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि छठ पर्व स्वच्छता, पवित्रता, श्रद्धा और अनुशासन की भावना को दर्शाता है। सूर्य देव, मां गंगा और प्रकृति की पूजा बिहार की सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि देश अपनी विरासत और संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए विकास के पथ पर भी आगे बढ़ रहा है।
धर्म का पालन हुआ अब कर्म पर ध्यान केंद्रित – यहां पर नितिन नबीन ने कहा कि धर्म का पालन करने के बाद वह अपने कर्म पर ध्यान केंद्रित करेंगे। उन्होंने कहा कि धर्म सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने की शक्ति और ऊर्जा देता है, जबकि कर्म से फल मिलता है। उल्लेखनीय है कि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ बिहार समेत देशभर में चार दिवसीय कार्तिक छठ पर्व संपन्न हुआ। इसके साथ ही व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा कर पारण किया।



