नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे पर चर्चा करने के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस 23 नवंबर से दिल्ली में दो दिन तक बैठक करने जा रहे हैं। विधानसभा चुनावों को लेकर दोनों दलों के बीच यह पहली बैठक होगी। सूत्रों ने बताया कि इस बातचीत में सपा और कांग्रेस दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटें हैं। 2027 में बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए और समाजवादी पार्टी-कांग्रेस के गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
वहीं, कांग्रेस भी राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है। 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में लगातार हार झेलने के बाद समाजवादी पार्टी 2027 में राजनीतिक वापसी करने की कोशिश कर रही है। 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। समाजवादी पार्टी ने 347 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 111 सीटें जीती थीं जबकि कांग्रेस ने 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से वह केवल 2 सीटें ही जीत पाई।
लोकसभा चुनाव में किया शानदार प्रदर्शन – 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों ने इंडिया गठबंधन के बैनर तले चुनाव लड़ा और शानदार जीत दर्ज की समाजवादी पार्टी ने 62 सीटों पर चुनाव लड़ा था, उनमें से 37 पर जीत हासिल की जबकि कांग्रेस ने 17 सीटों में से 6 पर जीत दर्ज की। इस बीच, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा है कि उनकी पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने के इरादे से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता है। मिश्रा ने पार्टी के भीतर किसी भी तरह के मतभेद की अटकलों को खारिज कर दिया। मिश्रा ने कहा कि हम 2027 का चुनाव सिर्फ हिस्सा लेने के लिए नहीं लड़ेंगे; हम सरकार बनाने के लिए लड़ेंगे। कोई मतभेद नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।
सपा ने बनाई समिति – दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में सीट-बंटवारे पर चर्चा करने के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। यह समिति अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर इंडिया गठबंधन के सहयोगियों के साथ बातचीत और चर्चा करेगी। समाजवादी पार्टी ने रविवार को एक्स पर बताया कि पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस पैनल का गठन किया है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, और लोकसभा सांसद राजीव राय तथा इकरा चौधरी शामिल हैं।



