चंडीगढ़ : पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल के चुनाव में भाजपा के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के उम्मीदवार अंकित बिधान द्वारा लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करने पर भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने उन्हें बधाई दी है।केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों का यह फैसला केवल एक छात्र चुनाव का नतीजा नहीं है, बल्कि यह युवा पीढ़ी की सोच, उम्मीदों और भरोसे का स्पष्ट प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि Gen Z ने लगातार दूसरी बार एबीवीपी के पक्ष में जनादेश देकर यह स्पष्ट कर दिया है कि वह नकारात्मक राजनीति के बजाय विकास, राष्ट्रवाद, पारदर्शिता और मजबूत नेतृत्व को प्राथमिकता देती है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष एबीवीपी ने पहली बार पंजाब यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की थी और अब लगातार दूसरी जीत ने इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि बना दिया है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “पंजाब यूनिवर्सिटी के युवाओं ने अपना फैसला बिल्कुल स्पष्ट रूप से सुना दिया है। यह जीत बताती है कि पंजाब की युवा पीढ़ी बदलाव और बेहतर भविष्य के लिए भाजपा की विचारधारा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकासोन्मुखी सोच से जुड़ रही है।”उन्होंने कहा कि पंजाब के युवा प्रदेश में रोजगार, नशामुक्ति, शिक्षा, उद्योग और विकास के अवसर चाहते हैं। भाजपा युवाओं की इन आकांक्षाओं और उम्मीदों को अपनी राजनीति के केंद्र में रखेगी।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी का यह फैसला 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भी एक महत्वपूर्ण संदेश है। पंजाब में युवाओं सहित हर वर्ग भाजपा को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रहा है और 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनाने के लिए पार्टी पूरी ताकत से काम करेगी।उन्होंने अंकित बिधान, एबीवीपी के सभी कार्यकर्ताओं और पंजाब यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों का इस फैसले के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत एक नई जिम्मेदारी की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना नई छात्र परिषद की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।



