मेरठ । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को मेरठ में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर व्यंग्य बाण चलाये। उन्होंने सपा पर परिवारवाद को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि जब पार्टी सत्ता में थी, तब उसने प्रदेश और जनता की भलाई को प्राथमिकता देने के बजाय सिर्फ अपने परिवार के बारे में सोचा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज है और प्रदेश विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस के लोग सत्ता हासिल करने के लिए जनता को बांटने का काम कर रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास के क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है और उन्होंने प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। जनसभा के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए विपक्षी दलों पर राजनीतिक निशाना साधा। बता दें कि यूपी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर मेरठ पहुंचें हैं।



