HomeHaryanaमुख्यमंत्री ने सभी विभागों को अपने 5 साल का रोडमैप एआई टूल पर अपलोड...

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को अपने 5 साल का रोडमैप एआई टूल पर अपलोड करने के दिए निर्देश

चंडीगढ़ – हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि सभी विभाग हरियाणा विजन 2047 के अंतर्गत अगले 5 साल में किए जाने वाले कार्यों का रोडमैप व कार्ययोजना को इसके लिए तैयार किए गए एआई टूल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें ताकि वे स्वयं इसकी व्यापक समीक्षा कर सकें। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश बृहस्पतिवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में हरियाणा विजन-2047 के तहत पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के अगले 5 साल के रोडमैप व कार्ययोजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। उन्होंने पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन को निर्देश दिए कि पुलिस कर्मचारियों के लिए पर्याप्त संख्या में उच्च गुणवत्ता के मकान तैयार करने की कार्ययोजना तैयार की जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी विभागों की अगले 5 साल की कार्ययोजना को एआई टूल पर अपलोड करके उनकी समीक्षा की जाएगी और विकसित देशों की तर्ज पर हर विभाग को विकसित भारत के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग वार्षिक कार्ययोजना के साथ-साथ लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रत्येक तिमाही किए जाने वाले कार्यों का भी टाइमलाईन के साथ ब्यौरा प्रस्तुत करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे प्रत्येक विभाग की प्रगति की समीक्षा तिमाही आधार पर करेंगे और पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना में विभाग द्वारा किए गए कार्यों को परखेंगे। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी प्रगति रिपोर्ट बैठक से 2 दिन पहले उनके पास पहुंचाना सुनिश्चित करें ताकि वे उनका अध्ययन करके बैठक में समीक्षा कर सकें।

हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक आलोक मित्तल ने बताया कि वर्ष 1989 में स्थापित हरियाणा पुलिस कॉरपोरेशन द्वारा पुलिस कर्मियों के लिए 12683 आवास, 165 पुलिस स्टेशन, 21 पुलिस पोस्ट, 26 महिला पुलिस थाने, 13 पुलिस लाईन, 3 पुलिस ट्रेनिंग सेंटर्स, 21 पुलिस पब्लिक स्कूल तथा 400 अन्य गैर आवासीय भवनों का निर्माण करवाया गया है।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन पुलिस स्टेशनों, पुलिस लाइनों और प्रशिक्षण केंद्रों को शत-प्रतिशत आधुनिक संसाधनों से युक्त करे और सभी प्रोजेक्ट में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखे। उन्होंने पुराने भवनों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि नए बनने वाले सभी भवनों को विदेशों की तर्ज पर एनर्जी एफिशिएंट तथा ग्रीन बिल्डिंग के रूप में तैयार करवाए जाएं।

इस अवसर पर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव  अरुण कुमार गुप्ता, डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर की प्रधान सचिव अमनीत पी कुमार, हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक आलोक मित्तल तथा मुख्यमंत्री के ओएसडी एवं स्वर्ण जयंती हरियाणा राजकोषीय प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments