नई दिल्ली । घरेलू वायदा बाजार में इस सप्ताह की शुरुआत में सोमवार को सोने और चांदी दोनों के लिए जोरदार तेजी के साथ हुई। सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने और चांदी की कीमतों में उल्लेखनीय उछाल दर्ज किया गया, जिससे निवेशक उत्साहित दिखे। खबर लिखे जाने तक एमसीएक्स पर सोने का भाव 426 रुपए की बढ़त के साथ 1,52,246 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमत में भी 2365 रुपए का बड़ा उछाल आया, और एक किलोग्राम चांदी का भाव 2,33,831 रुपए पर कारोबार कर रहा था। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोने के लाल निशान और चांदी के हरे निशान पर कारोबार करने के बावजूद घरेलू बाजार में यह तेजी स्थानीय मांग और वैश्विक संकेतों के मिश्रण को दर्शाती है।
पिछले कारोबारी सप्ताह के अंत में भी सर्राफा बाजार में सोने में मजबूती देखी गई थी। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत 200 रुपए बढ़कर 1,54,000 रुपए प्रति 10 ग्राम (99.9 फीसदी शुद्धता) हो गई थी। यह लगातार चौथा सत्र था जब सोने की कीमतों में वृद्धि दर्ज की गई। कमजोर अमेरिकी डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी जैसे कारकों ने विदेशी बाजारों को प्रभावित किया, जिसका सकारात्मक असर घरेलू हाजिर बाजार पर पड़ा। हालांकि, पिछले सत्र में तेज उछाल के बाद चांदी की कीमत 2,34,800 रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही थी।



