कुरुक्षेत्र । हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां एक दंपती ने अपनी तीन वर्षीय मासूम बेटी के साथ कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बेटी की गंभीर बीमारी से उपजे तनाव और अवसाद के चलते माता-पिता ने यह खौफनाक कदम उठाया। इस सामूहिक आत्महत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे सुभाष मंडी चौकी को सूचना मिली कि प्रेम नगर कॉलोनी स्थित एक घर में तीन शव पंखे से लटके हुए हैं।
पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पति जतिंद्र कुमार (30), पत्नी मंजू (28) और उनकी 3 साल की बेटी अदविका को फांसी पर लटका पाया। तीनों को तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जतिंद्र कुमार रेलवे मेल सर्विस में कार्यरत थे। जानकारी के मुताबिक जतिंद्र कुमार के पिता महेंद्र सिंह, जो पंजाब पुलिस से रिटायर्ड थे, का निधन लगभग छह महीने पहले ही हुआ था। परिवार में अब सिर्फ मां बिमला देवी बची हैं, जबकि उनका एक भाई प्रतीक कनाडा में रहता है। थाना कृष्णा गेट के एसएचओ ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी गहनता से पड़ताल की जा रही है।



