HomeNationalदर्दनाक हादसा:पुल से नीचे गहरी खाई में गिरी बस, 8 लोगों की...

दर्दनाक हादसा:पुल से नीचे गहरी खाई में गिरी बस, 8 लोगों की मौत

देहरादून। उत्तराखंड के ऋषिकेश में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस पुल से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 19 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए ऋषिकेश के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 09:27 बजे हरिद्वार से चमोली जा रही विश्वनाथ सेवा की बस थाना मुनिकीरेती के तहत गुलर क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे पानी में समा गई।

हादसे के वक्त बस में लगभग 30 से 35 लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। उन्होंने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर हुए इस दुखद हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में हुई इस दुर्घटना में लोगों की जान जाने की खबर से उन्हें अत्यंत पीड़ा हुई है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। हादसे की गंभीरता को देखते हुए, एसडीआरएफ कमांडेंट के निर्देश पर अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल के लिए भेजी गईं। पुलिस बल और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।

एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं, खाई में फंसे अन्य यात्रियों की तलाश की जा रही है और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान जारी है। इसी बीच, उत्तराखंड में सड़क दुर्घटना की एक और दुखद घटना सामने आई है। रुद्रप्रयाग जिले में बीती रात करीब 9 बजे क्यूंजा घाटी के कंडारा के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। पोखरी से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में वाहन में सवार 10 लोगों में से 4 की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए। घायलों में से 4 की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments