HomePunjabअमृतसर में 7 किलोग्राम हेरोइन सहित नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले...

अमृतसर में 7 किलोग्राम हेरोइन सहित नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल से जुड़े दो व्यक्ति काबू

चंडीगढ़/अमृतसर : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल के दो सदस्यों को 7 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान इंद्रजीत सिंह निवासी कलसियां खुर्द, तरनतारन और रविंदर शर्मा निवासी गुरबख्श नगर, नया कोट, अमृतसर के रूप में हुई है। नशीले पदार्थों की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने उनकी मारुति सुजुकी ब्रेजा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर पी बी 39एल 7651) और एक मोटरसाइकिल हीरो पैशन (रजिस्ट्रेशन नंबर पीबी 02बी यू 2253), जिसका उपयोग खेप की डिलीवरी के लिए किया जाता था, को भी जब्त कर लिया है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी हेरोइन की खेप की ढुलाई में सक्रिय रूप से शामिल थे और संभवतः इस क्षेत्र में सक्रिय एक बड़े नशीले पदार्थों के नेटवर्क का हिस्सा हैं। इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को विशेष सूचना मिली थी कि संदिग्ध इंद्रजीत सिंह और रविंदर शर्मा हेरोइन की एक बड़ी खेप की डिलीवरी के संबंध में अमृतसर में झब्बाल रोड, अड्डा बोहड़ू के पास दरिया के किनारे वाले रास्ते पर आने वाले हैं।

डीजीपी ने बताया कि तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने इलाके के आसपास नाकाबंदी की और दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान इंद्रजीत सिंह की कार की ड्राइवर सीट के नीचे से 4 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई, जबकि रविंदर शर्मा के पास से 3 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों को स्थापित करने के लिए जांच जारी है। इस संबंध में एफआईआर नंबर 19 दिनांक 25-03-2026 को थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत दर्ज की गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments