करनाल : बुढ़ाखेड़ा चौक के पास बीती रात को सब्जी विक्रेता संजय सैनी (44) की सिर में ईंट मारकर हत्या कर दी। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। विवाद सब्जी के 10 रुपये मांगने पर हुआ। आरोप है कि दोनों युवकों ने सब्जी विक्रेता के सिर में डंडे और ईंट से वार किए। जब सब्जी विक्रेता की बेटी बचाने आईं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बुढ़ाखेड़ा गांव निवासी शिवानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता संजय सैनी (44) मुख्य सड़क पर नाले के पास सब्जी और फल की दुकान चलाते थे।
बीती 26 मई की रात वह अपनी तीन बहनों और मां के साथ दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान दो युवक दुकान पर आए और करीब 210 रुपए के फल-सब्जी खरीदने के बाद 200 रुपए देकर जाने लगे। जब उसने बाकी 10 रुपए मांगे तो दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर उसके पिता संजय सैनी वहां पहुंचे और युवकों से बहस न करने को कहा। इसी बात पर दोनों युवकों ने पिता संजय को धक्का दे दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी हाथापाई में बदल गई। शिवानी ने आगे बताया कि उसकी छोटी बहन सलौनी पिता को बचाने के लिए डंडा लेकर आगे आई। आरोपियों ने उससे डंडा छीन लिया और उसकी बाजू पर हमला कर दिया।
जब उनकी मां अनु बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसी दौरान दोनों युवकों ने पिता के सिर पर डंडे और ईंट से कई वार किए। घायल संजय को तुरंत करनाल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सेक्टर 32-33 थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि 2 अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई हैं। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।



