HomeNationalभीषण सड़क हादसा: बस पलटने से दरोगा और कैदी समेत 6 की...

भीषण सड़क हादसा: बस पलटने से दरोगा और कैदी समेत 6 की मौत

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 262 पर घटित हुई। पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में जान गंवाने वालों में बिहार पुलिस के एक दारोगा और एक कैदी भी शामिल हैं। मृतक दारोगा की पहचान रामचंद्र के रूप में हुई है, जो बिहार के सिवान जिले के रहने वाले थे। वह कैदी छत्रपाल को लेकर किसी कानूनी कार्रवाई के सिलसिले में दिल्ली गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे।

पुलिस शुरुआती जांच के आधार पर आशंका जता रही है कि चालक को नींद की झपकी आने या तेज रफ्तार के कारण नियंत्रण खो देने से यह हादसा हुआ। फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। वहीं बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे। तड़के सुबह हुए इस हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। रफ्तार तेज होने के कारण बस के पलटते ही कई यात्री खिड़कियों से छिटककर एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरे, जिससे उन्हें बेहद गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की बचाव टीम और स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया।

गंभीर रूप से घायल यात्रियों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण सड़क हादसे का तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में छह लोगों की असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों को उच्च स्तरीय और बेहतर से बेहतर मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने तथा मृतकों के परिजनों को नियमानुसार उचित मुआवजा देने की बात कही है।

हादसे में जान गंवाने वाले मृतक – हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों में दारोगा रामचंद्र (निवासी: सिवान, बिहार), सुरेश कुमार जायसवाल (पुत्र: रामाधार, निवासी: मुंडेरा बाजार, गोरखपुर), विजेशी गुप्ता (पुत्र: मिश्री गुप्ता, निवासी: पिपराइच, गोरखपुर), विजय कुमार (पुत्र: रामजीत, निवासी: कसानगंज, बस्ती), कैदी छत्रपाल तोमर (निवासी: हरियाणा) शामिल हैं। छठे मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।

ये यात्री घायल हुए – इस दुर्घटना में घायल होने वाले प्रमुख यात्रियों में मोहम्मद वसीम (वजीरगंज, बिहार), गोलू (देवरिया), रोहन (जहानाबाद, बिहार), विनय (गोरखपुर), धीरज (महाराजगंज), अरुण कुमार (गोरखपुर), सुरेंद्र कुमार गुप्ता (गोरखपुर), अमरदीप सिंह (औरैया), फरमान अंसारी व शाहिद अख्तर (शिकारपुर, बिहार), सोम अली (बस्ती), धनंजय (दिल्ली), विष्णु कुमार व आर्यन गुप्ता (बस्ती), अरविंद, राहुल, लारेब आलम, परमजीत सिंह, श्वेता यादव व बिंद्रावती (सभी निवासी: गोरखपुर) और गणेश दीक्षित (कुशीनगर) शामिल हैं। इसके अलावा कुछ अन्य अज्ञात घायलों का भी इलाज जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments