HomePunjabमुश्किल की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित लोगों के कंधे से कंधा...

मुश्किल की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित लोगों के कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है मान सरकार -बरिंदर कुमार गोयल

चंडीगढ़-पंजाब के जल संसाधन मंत्री  बरिंदर कुमार गोयल ने  फिरोज़पुर और तरन तारन ज़िलों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायज़ा लेने और चल रहे राहत कार्यों की निगरानी के लिए विस्तृत क्षेत्रीय दौरे किए। गोयल ने दरियाई पानी से प्रभावित फिरोज़पुर ज़िले के गाँव टैंडी वाला, गज़नी वाला और धीरा घारा का दौरा किया, जहाँ उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत की और उनकी समस्याएँ सुनीं। इस अवसर पर उनके साथ विधायक फिरोज़पुर शहरी श्री रणबीर सिंह भुल्लर, विधायक फिरोज़पुर ग्रामीण श्री रजनीश कुमार दहिया और विधायक गुरुहरसहाय श्री फौजा सिंह सरारी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।

तरन तारन के दौरे के दौरान बरिंदर कुमार गोयल के साथ कैबिनेट मंत्री  लालजीत सिंह भुल्लर उपस्थित रहे, जहाँ उन्होंने हरिके हेडवर्क्स से निवाण की ओर सतलुज नदी पर बने धुस्सी बाँध का दौरा किया। दोनों कैबिनेट मंत्रियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायज़ा लिया और कुत्तीवाल, घड़ुंम, बस्ती लाल सिंह, सभरा, गदाईके, गट्टी हरिके आदि गाँवों के प्रभावित लोगों और किसानों की मुश्किलें सुनीं। पत्रकारों से बातचीत के दौरान  गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री  भगवंत सिंह मान व्यक्तिगत रूप से राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की निगरानी के लिए 8 कैबिनेट मंत्रियों की ड्यूटी लगाई है, जो विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं और प्रभावित गाँववासियों तक सीधे पहुँच रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि डीसी, एसएसपी से लेकर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को बाढ़ पीड़ितों को प्राथमिकता के आधार पर मूलभूत सहायता देने के लिए पाबंद किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार की सबसे अहम प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य सुविधाएँ और राशन उपलब्ध कराना है। उन्होंने आदेश दिया कि इसके साथ साथ पशुधन की देखभाल सुनिश्चित करने और बदलती स्थिति पर दिन-रात नज़र रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाये।

गोयल ने बताया कि बाढ़ रोकथाम कार्यों पर पंजाब सरकार द्वारा 276 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा बाँधों पर मिट्टी से भरे बोरे रखे गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इस्तेमाल किया जा सके।हरिके हेडवर्क्स के निरीक्षण के दौरान दोनों कैबिनेट मंत्रियों ने बताया कि इस समय हरिके हेडवर्क्स पर 11,600 क्यूसेक पानी बह रहा है, 20,000 क्यूसेक पानी नहरों में छोड़ा जा रहा है और 96,000 क्यूसेक पानी डाउनस्ट्रीम चल रहा है। बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि मान सरकार द्वारा फसलों और संपत्ति के नुकसान की भरपाई की जाएगी।

इससे पहले कैबिनेट मंत्री  गोयल ने हुसैनीवाला हेड पर डिप्टी कमिश्नर दीपसिखा शर्मा, एसएसपी भुपिंदर सिंह सिद्धू, मुख्य इंजीनियर (ड्रेनेज) हरदीप सिंह मैंदीरत्ता और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान राहत कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।तरन तारन में दौरे के लिये गये प्रतिनिधिमंडल में उनके साथ डिप्टी कमिश्नर श्री राहुल, एसएसपी दीपक पारिक और मुख्य इंजीनियर ड्रेनेज हरदीप सिंह मैंदीरत्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि शामिल थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments