नई दिल्ली । सोने और चांदी के वायदा भाव में गुरुवार को गिरावट देखने को मिली। घरेलू वायदा बाजार में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दोनों की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। खबर लिखे जाने के समय सोने का वायदा भाव करीब 1,52,150 रुपये और चांदी का भाव 2,44,950 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था। एमसीएक्स पर सोने का अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट 1,084 रुपये की गिरावट के साथ 1,51,941 रुपये पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 1,53,025 रुपये था।
कारोबार के दौरान सोना 1,52,248 रुपये के उच्च स्तर और 1,51,712 रुपये के निचले स्तर तक गया। इस साल सोने ने 1,80,779 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ था, जिससे यह अभी नीचे कारोबार कर रहा है। वहीं चांदी का मई वायदा कॉन्ट्रैक्ट 3,194 रुपये गिरकर 2,45,000 रुपये पर खुला। पिछला बंद भाव 2,48,194 रुपये था। खबर लिखे जाने के समय चांदी 2,44,943 रुपये पर ट्रेड कर रही थी।
दिन के दौरान इसका उच्च स्तर 2,45,363 रुपये और निचला स्तर 2,44,342 रुपये रहा। इस साल चांदी का उच्चतम स्तर 4,20,048 रुपये प्रति किलो रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी नरमी का रुख रहा। कॉमेक्स पर सोना 4,828 डॉलर प्रति औंस पर खुला और गिरकर करीब 4,864.70 डॉलर पर पहुंच गया। वहीं चांदी 75.36 डॉलर पर खुलकर करीब 76.47 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।



