गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी में एक होटल में हुई गोलीबारी की भयावह घटना में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है। यह वारदात सोमवार रात जीएस रोड पर स्थित होटल बिलास इन में हुई, जहां होटल के पट्टे (लीज) को लेकर हुए विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब नौ बजे बोरा सर्विस के सामने, असम पुलिस मुख्यालय से लगभग दो किलोमीटर दूर हुई। मृतकों में होटल की मालकिन हेलेना भराली, उनके बेटे देबोरशी कश्यप, बहू रिनिकी कश्यप, हेलेना के भाई भुदेव भराली और परिवार से जुड़े नारायण दास शामिल हैं।
इस गोलीबारी में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल भी हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत ने बताया कि गोली लगने से कुल छह लोग घायल हुए थे, जिनमें से पांच ने दम तोड़ दिया। उन्होंने पुष्टि की कि छठे व्यक्ति का इलाज जारी है, हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में उसकी भी मौत की बात कही जा रही है, जिसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आरोपी, जिसने होटल लीज पर लिया था, उसे घटना के एक घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
महंत ने आगे बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्तौल को जब्त कर लिया गया है और आरोपी से गहन पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच से स्पष्ट होता है कि यह वारदात होटल के पट्टे समझौते से जुड़े गहरे विवाद का परिणाम थी। पुलिस आयुक्त ने बताया कि मारे गए सभी लोग होटल के मालिक से संबंधित थे और आरोपी ने किसी को सुपारी नहीं दी थी, बल्कि स्वयं ही लाइसेंसी पिस्तौल से गोलियां चलाकर उनकी हत्या की। पुलिस अब गोलीबारी के सटीक हालात और इस गंभीर विवाद की पूरी पृष्ठभूमि का पता लगाने का प्रयास कर रही है।



