नई दिल्ली । कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संविधान, सामाजिक न्याय और अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि मौजूद रहे।राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में नफरत और विभाजन की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की विचारधारा पर विश्वास करती है। बैठक के दौरान शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अल्पसंख्यक समुदाय के बीच संवाद बढ़ाने पर जोर दिया। कांग्रेस का कहना है कि आने वाले चुनावों में पार्टी संविधान, आरक्षण और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। इस बैठक के बाद देश की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।



