HomeNationalपंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन से की शिष्टाचार...

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन से की शिष्टाचार भेंट

 नई दिल्ली/चंडीगढ़  – पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने  नई दिल्ली मेंउपराष्ट्रपति तथा विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कर शासन, संस्कृति, खेल तथा विधिक अवसंरचना से जुड़े विषयों पर चर्चा की। कटारिया ने भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने पंजाब एवं चंडीगढ़ से संबंधित विभिन्न विकासात्मक पहलों और प्रशासनिक प्राथमिकताओं की जानकारी दी तथा जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।

इसके पश्चात  कटारिया ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री  गजेंद्र सिंह शेखावत से भेंट कर भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की म्यूजियम ग्रांट योजना के अंतर्गत चंडीगढ़ के गवर्नमेंट म्यूजियम एवं आर्ट गैलरी के उन्नयन हेतु सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने विश्वविख्यात वास्तुकार ली कार्बुजिए द्वारा डिज़ाइन की गई इस प्रतिष्ठित ग्रेड-1 विरासत संस्था के संरक्षण एवं आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर बल दिया। प्रस्तावित परियोजना का उद्देश्य संग्रहालय की अमूल्य धरोहरों के संरक्षण को सुदृढ़ करना, इसकी वास्तुकला विरासत को संरक्षित रखना तथा आधुनिक संग्रहालय मानकों के अनुरूप आगंतुक सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

एक अन्य बैठक में कटारिया ने केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से मुलाकात की तथा चंडीगढ़ में एशियन रिले चैंपियनशिप-2027, 21वीं एशियन रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप-2027 तथा नवंबर 2026 में प्रस्तावित द्वितीय अंतरराष्ट्रीय चंडीगढ़ मैराथन जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की। उन्होंने सेक्टर-42 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय बहुउद्देशीय इंडोर स्पोर्ट्स हॉल की स्थापना के लिए भी सहयोग का अनुरोध किया। केंद्रीय खेल मंत्री ने चंडीगढ़ में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कटारिया ने पंजाब में खेल अवसंरचना को और मजबूत करने के लिए भी सहयोग का आग्रह किया।

बाद में कटारिया ने केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री  अर्जुन राम मेघवाल से भेंट की तथा विधिक समुदाय से जुड़े विभिन्न विषयों, विशेष रूप से उदयपुर बार एसोसिएशन द्वारा उठाई गई मांगों पर चर्चा की। बैठक में विधिक एवं न्यायिक अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा अधिवक्ताओं की चिंताओं के समाधान हेतु उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। ये बैठकें पंजाब एवं चंडीगढ़ में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, खेलों के प्रोत्साहन तथा सार्वजनिक संस्थानों को और अधिक सशक्त बनाने के लिए भारत सरकार से व्यापक सहयोग प्राप्त करने हेतु कटारिया के सतत प्रयासों को दर्शाती हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments