HomeNationalप्री-मानसून की बारिश से उत्तर भारत में राहत, कई राज्यों में आफत,दिल्ली...

प्री-मानसून की बारिश से उत्तर भारत में राहत, कई राज्यों में आफत,दिल्ली में उड़ानें हुईं प्रभावित,मध्य प्रदेश में 4 की मौत

नई दिल्ली । देश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। शनिवार सुबह राजधानी दिल्ली में हुई बारिश का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। कई उड़ानों के निर्धारित समय में देरी हुई। इंडिगो एयरलाइंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि खराब मौसम के चलते उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।वहीं मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा, कि मध्य प्रदेश में तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। श्योपुर जिले में शुक्रवार को मौसम से जुड़े अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल बताए गए हैं। राज्य के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई।

उत्तर प्रदेश में भी मौसम का व्यापक असर देखने को मिला। हाथरस में भारी बारिश के बाद कोतवाली सदर परिसर और आसपास की सड़कें जलमग्न हो गईं। राजधानी लखनऊ में शनिवार सुबह तेज आंधी के कारण दिन में ही अंधेरे जैसी स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 54 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।देशभर में मानसून की रफ्तार भी तेज हुई है। मानसून ने झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में इसके छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की संभावना है। 4 जून को केरला में दस्तक देने के बाद मानसून अब तक 19 राज्यों तक पहुंच चुका है।

बारिश के बीच गर्मी का कहर – हालांकि बारिश के बीच कई राज्यों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मध्य प्रदेश के कई शहरों में शुक्रवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। राजस्थान के श्रीगंगानगर में सबसे अधिक 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि की संभावना – मौसम विभाग ने 14 और 15 जून को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में भी बारिश और ओले गिर सकते हैं। वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी तेज हवाओं के साथ व्यापक वर्षा होने का अनुमान है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून की प्रगति और तेज हो सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन कई क्षेत्रों में जलभराव और मौसम संबंधी चुनौतियां भी बढ़ सकती हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments