HomeNationalमुंबई में बारिश बनी आफत, ट्रेनें-उड़ानें प्रभावित, स्कूल बंद

मुंबई में बारिश बनी आफत, ट्रेनें-उड़ानें प्रभावित, स्कूल बंद

मुंबई। मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मुंबई, पुणे, ठाणे, पालघर और कोंकण क्षेत्र में भारी वर्षा के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात पर व्यापक असर पड़ा है। सोमवार तड़के पुणे-मुंबई रेल मार्ग के भोर घाट सेक्शन में कई स्थानों पर भूस्खलन होने से रेल सेवाएं बाधित हो गईं। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कई ट्रेनों को रद्द कर दिया, जबकि कई लंबी दूरी की ट्रेनों के मार्ग बदल दिए गए हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कर्जत-लोनावला घाट सेक्शन में लगातार बारिश के कारण पहाड़ों से भारी मलबा रेलवे ट्रैक पर आ गिरा। ठाकुरवाड़ी के पास और खंडाला-मंकी हिल के बीच हुए भूस्खलन से अप, डाउन और मिडल लाइन तीनों प्रभावित हुईं। इसके चलते इस मार्ग पर रेल परिचालन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। मलबा हटाने और ट्रैक बहाल करने का काम लगातार जारी है। रद्द की गई ट्रेनों में डेक्कन क्वीन, डेक्कन एक्सप्रेस, इंद्रायणी एक्सप्रेस, प्रगति एक्सप्रेस, सिंहगढ़ एक्सप्रेस, शोलापुर इंटरसिटी और धुले एक्सप्रेस समेत कुल 16 ट्रेनें शामिल हैं। कई अन्य ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है या उन्हें गंतव्य से पहले ही रोका गया है।

उड़ानों और स्कूलों पर भी असर – खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को करीब एक घंटे तक रनवे बंद रखने पड़े। इसके चलते चार उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 13 उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों की ओर मोड़ना पड़ा। एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर मौसम को देखते हुए उड़ानों की स्थिति पहले से जांचने की सलाह दी है। भारी बारिश को देखते हुए मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर में सोमवार को सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूलों तथा कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है।

हालांकि सरकारी और निजी कार्यालय सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मुंबई, कोंकण और पश्चिमी महाराष्ट्र में भारी से अत्यधिक भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। तेज हवाओं की भी चेतावनी दी गई है और लोगों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।इस बीच मुंबई के मानखुर्द इलाके में रविवार शाम तीन मंजिला इमारत का एक हिस्सा ढहने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के बीच राहत और बचाव अभियान जारी है। राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments